दुबई , सितंबर 05 -- प्रेमा रावत और श्रीचरणी (तीन-तीन विकेट) तथा दीप्ति शर्मा (दो विकेट/नाबाद 12) के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला टीम ने शनिवार को महिला एशिया कप ग्रुप ए मुकाबले में पाकिस्तान को 68 गेंदें शेष रहते सात विकेट से करारी शिकस्त दी।
पाकिस्तान के 55 रनों के जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने तेज शुरुआत करने का प्रयास किया। इसी प्रयास में उन्होंने चार ओवरों में 29 रन के स्कोर तक अपने तीन विकेट गवां दिये। शेफाली वर्मा छह गेंदों में (12), स्मृति मंधाना (नौ) और प्रतिका रावल (चार) बनाकर आउट हुई। इन तीनों ही बल्लेबाजों को पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने आउट किया। इसके बाद हरमनप्रीत कौर और दीप्ति शर्मा ने धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने 8.4 ओवर में तीन विकेट पर 57 रन बनाकर पाकिस्तान पर सात विकेट से जबर्दस्त जीत दर्ज की। हरमनप्रीत कौर (नाबाद 18) और दीप्ति शर्मा ने (नाबाद 12) रनों की पारी खेली।
इससे पहले आज यहां भारत ने पाकिस्तान की पूरी टीम को 18.1 ओवरों में 55 रन के स्कोर पर ढेर कर दिया था। पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
बल्लेबाजी करने उतरी शवाल ज़ुल्फिकार और मुनीबा अली की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े। पांचवें ओवर में शेफाली वर्मा ने मुनीबा अली (13) रन को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिलाई। अगले ही ओवर में श्रीचरण ने गुल फिरोजा (शून्य) और शवाल जुल्फिकार (14) को आउट कर पाकिस्तान के शीर्षक्रम को ध्वस्त कर दिया। इसके बाद पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे नहीं टिक सका। आठवें ओवर में श्रीचरणी ने आएशा जाफर (दो) रन का शिकार कर लिया। सदफ़ शम्स (तीन), उम्म-ए-हानी (छह) और नाश्रा संधू (शून्य) को प्रेमा रावत ने आउट किया। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण के आगे पाकिस्तान के नौ बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित