ऑकलैंड , जून 21 -- भारतीय हॉकी टीम ने रविवार को एफआईएच महिला नेशंस कप 2025-26 के फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान न्यूजीलैंड को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
आज यहां नॉर्थ हार्बर नेशनल हॉकी सेंटर में खेले गये खिताबी मुकाबले में दुनिया की नंबर 10 टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत (जो वर्ल्ड हॉकी रैंकिंग में नौवें नंबर पर है) के लिए नवनीत कौर ने (4वें मिनट) और सुनेलिता टोप्पो ने(15वें मिनट) ने गोल किए। भारतीय टीम ने चार साल बाद यह खिताब जीता है। शुरुआत में संभलकर खेलने के बाद, अनुभवी स्ट्राइकर नवनीत कौर ने मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर गोल में बदलकर शुरुआती पाँच मिनटों में ही भारत को बढ़त दिला दी। बढ़त मिलने के बाद, भारतीय महिला हॉकी टीम ने खुलकर खेला। उन्होंने पहले क्वार्टर में चार और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए और उनमें से आखिरी वाले पर फिर से गोल किया। सुनेलिता टोप्पो ने ड्रैग-फ्लिक को डिफ़्लेक्ट करके भारत को दो गोल की बढ़त दिला दी।
भारत ने पहले क्वार्टर में पूरी तरह दबदबा बनाए रखा; उन्होंने आठ बार विपक्षी सर्कल में घुसपैठ की और कुल पांच पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए। दूसरे क्वार्टर में विपक्षी टीम ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन इस दौरान भी सलीमा टेटे और उनकी टीम का ही दबदबा रहा। भारत हाफ़-टाइम ब्रेक तक 2-0 से आगे था।
तीसरे क्वार्टर में न्यूजीलैंड ने तेजी दिखाई और मैच में वापसी करने की कोशिश में ज़्यादा आक्रामक खेल दिखाया। भारतीय डिफ़ेंस मज़बूती से डटा रहा, जिससे गोलकीपर बिचू देवी खारीबाम को ज़्यादा परेशानी नहीं हुई। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में 'ब्लैक स्टिक्स' (न्यूज़ीलैंड टीम) को मैच का अपना पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा सके। आख़िरकार मैच भारत के पक्ष में 2-0 से समाप्त हुआ। इस जीत के साथ भारत ने एफआईएच प्रो लीग 2026-27 के लिए अर्हता हासिल कर ली है। यह लीग लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए हॉकी क्वालीफ़ायर के तौर पर भी काम करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित