जोहान्सबर्ग , अप्रैल 26 -- दीप्ति शर्मा ( नाबाद 36 रन/ पांच विकेट) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला टीम ने चौथे टी-20 मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 14 रनों से शिकस्त दी। यह पांच मैचों की सीरीज में भारत की पहली जीत है। दीप्ति शर्मा को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।
186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम को दीप्ति शर्मा के कहर का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 171 रन ही बना सकी और 14 रनों से मुकाबला हार गई। दक्षिण अफ्रीका के लिए सुने लूस ने सर्वाधिक 40 रन बनाये। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। तेज़मिन ब्रिट्स (30), कायला रेनेके (21) और कप्तान लॉरा वुलफॉर्ट (18) रन बनाकर आउट हुई। एलिज़ मारी मार्क्स ने नाबाद 21 रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका के छह बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
भारतीय महिला टीम के लिए दीप्ति शर्मा ने चार ओवरों में 19 रन देकर पांच विकेट झटके। क्रांति गौड़ , श्री चारणी, काश्वी गौतम और शेफाली वर्मा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले शनिवार देर रात खेले गये मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 185 रनों का स्कोर खड़ा किया। जेमिमाह रॉड्रिग्स ने सर्वाधिक 43 रनों की पारी खेली। उन्होंने 29 गेंदों का सामना किया और चार चौके और दो छक्के भी लगाये। अनुष्का शर्मा 18 गेंदों में (27), कप्तान हरमनप्रीत कौर 16 गेंदों में (22) रनों का योगदान दिया। शेफाली वर्मा (दो) और भारती फूलमाली( नौ) रन बनाकर आउट हुई। दीप्ति शर्मा ने 26 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए नाबाद 36 रनों की पारी खेली। ऋचा घोष ने 18 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का उड़ाते हुए नाबाद 34 रन बनाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित