हैदराबाद , मार्च, 14 -- भारतीय महिला हॉकी टीम को रविवार को खेले गये एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 क्वालिफायर के फाइनल में इंग्लैंड से हार के बाद दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा। नतीजे के बावजूद, भारतीय महिला हॉकी टीम ने बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले आगामी एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

आज यहां जीएमसी बालयोगी हॉकी ग्राउंड पर हुए फाइनल में भारतीय टीम इंग्लैंड से 0-2 से हार गई। इंग्लैंड के लिए ग्रेस बाल्सडन ने (13वें) और एलिजाबेथ नील ने (43वें) मिनट में गोल किए।

भारत ने खेल की शुरुआत जोरदार तरीके से की। नवनीत कौर ने शुरुआती दो मिनट के अंदर ही अपनी टीम को एक पेनल्टी कॉर्नर दिलाने में मदद की। हालांकि भारतीय टीम के प्रयास को इंग्लैंड की गोलकीपर ने विफल कर दिया। मेजबान टीम ने जबरदस्त अनुशासन दिखाया। उन्होंने अपनी रक्षापंक्ति को मजबूत बनाए रखा और साथ ही विरोधी टीम के पाले में भी सेंध लगाने की कोशिशें कीं। पहले क्वार्टर के आखिर में इंग्लैंड ने खेल पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली और दो मिनट बाकी रहते एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया। ग्रेस बाल्सडन (13') ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने इस टूर्नामेंट में पेनल्टी कॉर्नर से पांचवां गोल दागते हुए इंग्लैंड को बढ़त दिला दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित