मुंबई , अगस्त 22 -- भारतीय लोककथाओं, फैंटेसी, एक्शन, कॉमेडी और एडवेंचर से सजी फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' के निर्देशक अरुणाभ कुमार ने बताया कि भारतीय मंदिरों और लोककथाओं के प्रति उनका और एकता कपूर का साझा लगाव इस फिल्म की कहानी की प्रमुख प्रेरणा बना।अरुणाभ कुमार के अनुसार, इस सफर की शुरुआत कहानियों और मंदिरों के प्रति उनके तथा एकता कपूर के साझा प्रेम से हुई। सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन से लेकर महाशिवरात्रि पर मुक्तेश्वर और महाकुंभ की यात्राओं के दौरान दोनों ने भारतीय संस्कृति की समृद्धि और यहां मौजूद अनगिनत लोककथाओं को करीब से महसूस किया। इन कथाओं में इतिहास और पौराणिक मान्यताओं का अनूठा मेल देखने को मिलता है।उन्होंने बताया कि जब उन्होंने बिहार के बिहटा स्थित वंदेवी मंदिर से जुड़ी लोककथा एकता कपूर के साथ साझा की, तो उन्होंने इसे बड़े पर्दे पर लाने की इच्छा जतायी। इसके बाद एकता कपूर और बालाजी मोशन पिक्चर्स ने इस कहानी को भव्य रूप देने की दिशा में काम शुरू किया।

विश्व लोककथा दिवस के अवसर पर अरुणाभ कुमार ने फिल्म से अपने व्यक्तिगत जुड़ाव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मां और पत्नी के साथ शक्ति मंदिरों में जाने से लेकर अपने जीवन में मौजूद आध्यात्मिक महिलाओं से जुड़े अनुभवों को इस लोककथा पर आधारित फिल्म के माध्यम से पर्दे पर लाना उनके लिए खास सफर रहा है।

फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा, तमन्ना भाटिया, सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, अनुप सोनी और श्वेता तिवारी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। अरुणाभ कुमार ने एकता कपूर के साथ सिद्धिविनायक मंदिर की एक तस्वीर भी साझा की और कहा कि कहानियों और मंदिरों के लिए उनका साझा प्रेम अब बड़े पर्दे पर साथ आ रहा है।

बालाजी मोशन पिक्चर्स, बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की एक डिविजन, टीवीएफ और 11:11 प्रोडक्शन के साथ मिलकर 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' पेश कर रही है। फिल्म की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है और निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। फिल्म के डीओपी एवं विजुअल डायरेक्टर मनु आनंद हैं। फिल्म का निर्माण शोभा कपूर, एकता आर. कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है।

भारतीय मंदिरों और लोककथाओं से प्रेरित यह फैंटेसी फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित