हरिद्वार , अक्टूबर 31 -- उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय 52वां अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन ऐतिहासिक उपलब्धियों और व्यापक सहभागिता के साथ शनिवार को संपन्न हो गया।

पतंजलि विश्वविद्यालय, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय एवं भारतीय विद्वत् परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत भाषा, योग, आयुर्वेद, भारतीय दर्शन, सनातन संस्कृति एवं प्राच्य विद्याओं के संरक्षण, संवर्धन तथा आधुनिक शिक्षा व्यवस्था में उनके समावेश पर व्यापक विमर्श हुआ।

समापन समारोह में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, योगगुरु स्वामी रामदेव एवं आचार्य बालकृष्ण सहित देशभर से आए संत, धर्माचार्य, शिक्षाविद् एवं विद्वान उपस्थित रहे। इस अवसर पर 24 विद्वानों एवं शोधार्थियों सहित उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया तथा 35 पुस्तकों का विमोचन हुआ।

सम्मेलन के अध्यक्ष श्रीनिवास वरखेड़ी ने स्वामी रामदेव को विद्याधिपति-प्रशस्ति-पत्रम् भेंट कर सम्मानित किया। जबकि संस्कृत, योगशास्त्र, आयुर्वेद एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए आचार्य बालकृष्ण को 'महामहोपाध्याय' की प्रतिष्ठित उपाधि से सम्मानित किया गया। पतंजलि विवि की प्रति कुलपति साध्वी डॉ. देवप्रिया को जी महाआचार्या सम्मान से विभूषित किया गया। व्याकरण के क्षेत्र में विशिष्ट विद्वत्ता एवं योगदान के लिए डॉ. शिवानी को 'व्याकरण पण्डिता पुरस्कार' प्रदान किया गया। साथ ही, डॉ. कविता होले को उनकी विद्वत्ता एवं विशेषज्ञता के लिए सम्मानित किया गया। विभिन्न विषय-वर्गों में उत्कृष्ट शोधपत्र प्रस्तुत करने वाले 24 विद्वानों एवं शोधार्थियों को सर्वश्रेष्ठ शोधपत्र पुरस्कार प्रदान किए गए।

अखिल भारतीय प्राच्य विद्या सम्मेलन के नवनियुक्त अध्यक्ष के रूप में प्रोफेसर अरुण रंजन मिश्रा को मनोनीत किया गया। इस दौरान प्रो. अरुण रंजन मिश्रा सहित विभिन्न विद्वानों एवं पदाधिकारियों का भी अभिनंदन किया गया। संस्कृत विद्वान कविराज मनोहर लाल आर्य काे भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर संस्कृत भाषा, भारतीय शास्त्रों एवं सनातन परंपरा के संरक्षण और संवर्धन में विद्वानों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित