लंदन , जून 26 -- एफआईएच प्रो लीग के लंदन लेग में चार क्वार्टर में स्कोर 2-2 से बराबर रहने के बाद हुए शूटआउट में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।

यहां के ली वैली हॉकी और टेनिस सेंटर में खेले गये मुकाबले में भारत के लिए दिलप्रीत सिंह (10वें और 58वें मिनट) ने शानदार दो गोल किए, जबकि इंग्लैंड के लिए डेविड गुडफील्ड (29वें मिनट) और निकोलस बांडुरक (56वें मिनट) ने गोल किए।

मेजबान टीम के लिए थॉमस सोर्सबी, जेम्स एल्बरी और कप्तान ज़ैकरी वालेस ने शूटआउट में अपने मौके को गोल में बदला। इसके अलावा, एक मौके पर पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे भी गुरुवार रात वालेस ने गोल में बदल दिया। पहला हाफ थोड़ा संभलकर खेला गया, लेकिन फिर भी दोनों टीमों ने गोल किए और कुछ मौके बनाए। भारत ने पहले क्वार्टर में अच्छी शुरुआत की और जल्द ही एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया; हालांकि, कप्तान हरमनप्रीत सिंह के ड्रैग-फ्लिक को इंग्लिश गोलकीपर जेम्स माज़ारेलो ने रोक दिया।

इंग्लैंड को भी पांचवें मिनट में दूसरी तरफ पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन बांडुरक के प्रयास को भारतीय डिफेंस ने रोक दिया।

पहला गोल 10वें मिनट में हुआ, जब मनदीप सिंह ने बेसलाइन के साथ ड्रिबल करते हुए दिलप्रीत सिंह को बेहतरीन पास दिया। दिलप्रीत ने डाइविंग फिनिश के साथ गेंद को गोल में पहुंचाकर भारत को बढ़त दिलाई।

दूसरे क्वार्टर में भारत अपनी बढ़त बढ़ाने के करीब था, लेकिन पेनल्टी कॉर्नर पर अमनदीप लाकरा के ड्रैग-फ्लिक को सोर्सबी ने गोल लाइन पर शानदार तरीके से बचाया। 29वें मिनट में गुडफील्ड के मैदानी गोल की बदौलत इंग्लैंड ने बराबरी कर ली। डिफ्लेक्शन के बाद गेंद सर्कल के बीच में बिना किसी रुकावट के खड़े गुडफील्ड के पास पहुंची और उन्होंने ज़ोरदार वॉली मारकर मेजबान टीम के लिए बराबरी का गोल किया।

तीसरे क्वार्टर में दोनों तरफ से रक्षात्मक खेल खेला गया। दोनों टीमों को पेनल्टी कॉर्नर मिले और फील्ड-गोल के मौके भी बने, लेकिन स्कोर 1-1 ही रहा। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में बांडुरक दूर वाले पोस्ट पर बिल्कुल खाली खड़े थे, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने शानदार बचाव करते हुए अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा। इंग्लैंड का गेंद पर कब्ज़ा ज़्यादा रहा, लेकिन भारत ने अपने गोल पोस्ट को बचाने के लिए जबरदस्त हिम्मत दिखाई। हालांकि, मैच खत्म होने से चार मिनट पहले घरेलू टीम ने एक और गोल कर दिया। बंदुरक (56वें मिनट) ने देर से मिले पेनल्टी कॉर्नर पर एक लो ड्रैग-फ्लिक किया, जो गोल के निचले दाहिने कोने में जाकर लगा। लेकिन घरेलू टीम की बढ़त सिर्फ़ दो मिनट तक ही रही क्योंकि भारत ने 58वें मिनट में वापसी की। सुमित ने गोल की तरफ़ बढ़ने में बेहतरीन कौशल दिखाया और दिलप्रीत को एक शानदार पास दिया। दिलप्रीत ने ज़ोरदार शॉट मारा और गेंद गोलकीपर के पैरों के बीच से निकल गई, जिससे मैच शूटआउट में चला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित