नयी दिल्ली , सितम्बर 21 -- भारतीय नौसेना के जहाज सह्याद्रि और कुलिश फिलीपींस के सुबिक बे पहुंच गए हैं जहां वे आसियान देशों के रक्षा मंत्रियों की बैठक -प्लस की संयुक्त सहयोग गतिविधि (जेसीए) में हिस्सा लेंगे।

यह गतिविधि आसियान सदस्य देशों और आठ अन्य देशों की समुद्री सेनाओं को पेशेवर और संचालन स्तर पर साथ लाती है। इसका मकसद आपसी तालमेल बढ़ाना, एक-दूसरे को बेहतर ढंग से समझना और समुद्री क्षेत्र में सहयोग मजबूत करना है।

भारतीय नौसेना के जहाजों की इस गतिविधि में भागीदारी सरकार की एक्ट ईस्ट नीति और महासागर दृष्टिकोण के अनुरूप है। इसके जरिए भारत ने बहुपक्षीय समुद्री सहयोग और क्षेत्रीय साझेदारों के साथ रचनात्मक जुड़ाव के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

इस तैनाती के दौरान भारतीय नौसेना को सदस्य देशों की समुद्री सेनाओं के साथ पेशेवर और परिचालन स्तर पर बातचीत का मौका मिलेगा। इससे साझा समुद्री चुनौतियों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।

सुबिक बे में दोनों जहाजों का पहुंचना भारत और फिलीपींस के बीच बढ़ते समुद्री संबंधों को भी दर्शाता है। पिछले वर्ष अगस्त में भारत-फिलीपींस रणनीतिक साझेदारी और हाल के द्विपक्षीय संपर्कों के बाद यह तैनाती दोनों देशों के बीच पेशेवर संबंधों और समुद्री सहयोग को और मजबूत करने का अवसर देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित