नयी दिल्ली , अक्टूबर 22 -- भारतीय नौसेना का पहला प्रशिक्षण स्क्वाड्रन लंबी दूरी के प्रशिक्षण अभियान के तहत मालदीव की राजधानी माले के तट पर पहुंच गया है।

स्क्वाड्रन में आईएनएस तीर, आईएनएस सुजाता और भारतीय तटरक्षक पोत सारथी शामिल हैं। मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल ने स्क्वाड्रन का स्वागत किया।

रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि यह पोत बुधवार को माले तट पर पहुंचा।

इस यात्रा के दौरान पहले प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के वरिष्ठ अधिकारी ने मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल के रक्षा प्रमुख और तटरक्षक कमांडेंट से मुलाकात की। बातचीत में नौसेना और मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने और समुद्री सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा हुई। वरिष्ठ अधिकारी ने मालदीव में भारत के उच्चायुक्त जी. बालासुब्रमण्यम से भी मुलाकात की।

प्रशिक्षण के तहत स्क्वाड्रन के प्रशिक्षुओं ने गिरिफुशी प्रशिक्षण केंद्र का दौरा किया। यात्रा के दौरान दोनों देशों के सैन्य बलों के बीच आपसी तालमेल और समझ बढ़ाने के लिए एक-दूसरे के जहाजों का दौरा, खेल गतिविधियां, सामाजिक मेलजोल और सामुदायिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे।

यह यात्रा भारतीय नौसेना और मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल के बीच बेहतर तालमेल और बढ़ते समुद्री सहयोग को दर्शाती है। यह क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने की 'महासागर' परिकल्पना के अनुरूप है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित