गैबोरोन (बोत्सवाना) , मई 04 -- वर्ल्ड एथलेटिक्स रिले 2026 में हिस्सा लेने वाली पांचों भारतीय टीमों में से कोई भी टीम वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी, लेकिन मिश्रित 4 गुणा 100 मीटर टीम ने नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम कर लिया।

शनिवार को अपना पहला मौका गंवाने के बाद टीमों को रविवार को अपनी-अपनी हीट में शीर्ष दो स्थानों में जगह बनानी थी, ताकि वे सीधे पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चीन के बीजिंग होने वाली 2027 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर सकें।

रघु कुमार, नित्या गांधे, अनिमेष कुजुर और स्नेहा सत्यनारायण शानुवल्ली की भारतीय मिश्रित 4 गुणा 100 मीटर रिले टीम ने 41.35 सेकेंड का समय निकाला और इस स्पर्धा में नया नेशनल रिकॉर्ड दर्ज किया। इसी के साथ आठ टीमों की हीट में छठे स्थान पर रही।

इसके अलावा भारत ने मिश्रित 4 गुणा 400 मीटर में तीर्थेश पी. शेट्टी, कुमारी सलोनी, निहाल विलियम और रशदीप कौर की दूसरी टीम उतारी। इस चौकड़ी ने अपनी हीट में 3:19.40 के समय के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।

शनिवार को क्वालीफायर के पहले राउंड में दौड़ने वाले ओलंपियन अमोज जैकब और अंसा बाबू को रविवार को आराम दिया गया। हालांकि, जैकब ने धर्मवीर चौधरी, साथी ओलंपियन राजेश रमेश और विशाल थेन्नारासु कायलविझी के साथ पुरुषों की 4 गुणा 400 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया, लेकिन क्रैम्प्स के कारण वह दौड़ पूरी नहीं कर सके।

इस बीच तमन्ना, नित्या गांधे, सुदेशना शिवंकर और स्नेहा सत्यानारायण शानुवल्ली ने छह टीमों वाली महिलाओं की 4गुणा 100 मीटर हीट में 53.90 सेकेंड के समय के साथ आखिरी स्थान पर जगह बनाई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित