काकामिगाहारा (जापान) , जून 06 -- भारतीय अंडर 18 महिला हॉकी टीम ने शनिवार को तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में कोरिया पर 3-0 की शानदार जीत के साथ महिला अंडर-18 एशिया कप में कांस्य पदक अपने नाम किया।

संदीप कुमारी ने (दूसरे), कप्तान स्वीटी कुजूर (16वें) और नौशीन नाज ने (33वें) मिनट में गोल किए और भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पोडियम पर अपनी जगह पक्की की।

सेमीफाइनल में चीन से शूटआउट में मिली करीबी हार के बाद वापसी करने के इरादे से उतरी भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की और शुरुआती दो मिनटों में ही बढ़त बना ली। संदीप कुमारी दूसरे मिनट में गोलकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई, जिससे मैच का माहौल भारत के पक्ष में बन गया।

भारत ने गेंद पर अपना कब्जा बनाए रखा और अटैकिंग सर्कल में लगातार मौके बनाए। उनकी मेहनत 16वें मिनट में रंग लाई, जब कप्तान स्वीटी कुजूर ने (16वें) मिनट में मैदानी गोल करके भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया और टीम दूसरे क्वार्टर में बेहतर स्थिति में पहुंची।

दो गोल की आरामदायक बढ़त के साथ, भारत ने ब्रेक के बाद भी खेल पर नियंत्रण बनाए रखा और 33वें मिनट में अपनी बढ़त को और बढ़ा दिया। टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर नौशीन नाज ने (33वें) मिनट में शानदार मैदानी गोल करके अपना नाम स्कोरशीट में दर्ज कराया। इसके साथ ही टूर्नामेंट में उनके गोल की संख्या 12 हो गई और स्कोरिंग चार्ट में उनकी शीर्ष स्थिति और मज़बूत हो गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित