बिलासपुर , सितंबर 02 -- छत्तीसगढ़ के अकलतरा क्षेत्र में भारतमाला रोड पर गत 24 जून की रात कार के नीचे मिले सकरी निवासी अरविंद सिंह लोधी (26) के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए इसे दुर्घटना के बजाय हत्या का मामला बताया है। पुलिस ने इस मामले में दीनदयाल कॉलोनी निवासी हेमंत सिंह ठाकुर (23) पुत्र गोविंद सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि उसका एक साथी फरार है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार प्रारंभ में अरविंद की मौत को सड़क दुर्घटना मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। जांच आगे बढ़ने पर अकलतरा टीआई जय कुमार साहू और कोटमीसोनार चौकी प्रभारी विनोद जाटवर को घटनाक्रम पर संदेह हुआ। पुलिस ने क्राइम सीन रिक्रिएट किया तो घटनास्थल की परिस्थितियां हादसे की प्रारंभिक थ्योरी से मेल नहीं खाईं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अरविंद के शरीर पर लात-घूंसों से चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच हत्या की आशंका को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई। जांच के तार ट्रक के लेन-देन को लेकर चले आ रहे पुराने विवाद से जुड़े मिले। इसके बाद पुलिस ने हेमंत सिंह ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में हेमंत ने हत्या करने की बात स्वीकारी। उसने बताया कि ट्रक के लेन-देन के पुराने विवाद को लेकर शराब पार्टी के दौरान गाली गलौज हुई थी। इसके बाद उसने अपने साथी के साथ मिलकर अरविंद की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि वारदात को सड़क दुर्घटना और हिट एंड रन का रूप देने के लिए शव को कार के नीचे घसीटकर हाईवे पर फेंक दिया गया।
हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दुर्घटना से संबंधित धारा हटाकर मामले में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) जोड़ी है। वारदात में इस्तेमाल कार सीजी 10 बीपी 9060 को भी जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार हेमंत को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित