बारां , सितम्बर 28 -- राजस्थान में बारां जिले के अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने गणेशगंज लिफ्ट नहर से जुड़े किसानों को रबी फसलों के लिए समय पर सिंचाई पानी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता को पत्र लिखा है।

श्री भाया ने नहर की छह नयी मोटरों की स्थापना और नहर की सफाई का कार्य 10 दिनों के भीतर पूरा कराने की मांग की है।

उन्होंने बताया कि गणेशगंज लिफ्ट नहर के पानी के हौद का सीसी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन छह मोटरों की स्थापना अब तक नहीं हुई है। नहर की सफाई का कार्य भी शेष है। अक्टूबर में किसान रबी फसलों की बुवाई से पहले खेतों में पलेवा करते हैं। इसके अलावा लहसुन की फसल के लिए भी जल्द सिंचाई पानी की आवश्यकता है। ऐसे में कार्य में देरी से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

श्री भाया ने कहा कि अन्ता विधानसभा क्षेत्र के श्रीनाल, धूमरखेड़ी, केकाखेड़ी, चेनपुरिया, सिमलिया और मालबमोरी सहित कई गांवों की हजारों बीघा कृषि भूमि गणेशगंज लिफ्ट नहर के अंतिम छोर के क्षेत्र में आती है। अंतिम छोर तक पानी पहुंचने में अधिक समय लगता है। समय रहते नहर का संचालन शुरू नहीं हुआ तो गेहूं, सरसों, धनिया, चना, लहसुन, मसूर और अलसी जैसी रबी फसलों की बुवाई एवं उत्पादन प्रभावित हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित