बारां , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में पंचायत राज चुनाव को लेकर कांग्रेस ने राजस्थान के बारां जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।

इसी क्रम में अंता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया ने शुक्रवार को मांगरोल पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न गांवों कादौरा करके जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पद के कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने का अनुरोध किया। श्री भाया ने ग्राम बोहत, ईश्वरपुरा, मऊ, मालबमोरी, शाहपुरा, रायथल एवं उदपुरिया पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान नुक्कड़ सभाओं और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से उन्होंने मतदाताओं से सीधा संवाद करते हुए कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान किया।

श्री भाया ने कहा कि जिला परिषद एवं पंचायत समितियां ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। गांवों की समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों को गति देने और ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं के क्रियान्वयन में इन संस्थाओं की अहम भूमिका रहती है। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे क्षेत्र के विकास और जनहित को प्राथमिकता देते हुएकांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करें।

जनसंपर्क के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से स्थानीय समस्याओं एवं आवश्यकताओं पर भी चर्चा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित