मैनपुरी , जून 29 -- उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में दानवीर भामाशाह की जयंती पर कलेक्ट्रेट सभागार में "व्यापारी कल्याण दिवस" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सर्वाधिक राज्य कर जमा करने वाले और समाज में विशेष योगदान देने वाले व्यापारियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को टूलकिट और रिण स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री के प्रतिनिधि एवं जिला सहकारी बैंक फिरोजाबाद के अध्यक्ष अतुल प्रताप सिंह ने कहा कि दानवीर भामाशाह का त्याग और राष्ट्रसेवा आज भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के विकास में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा सरकार व्यापारियों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु ने कहा कि व्यापारियों का योगदान केवल अर्थव्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्य कर विभाग ने जनपद के दस प्रमुख करदाताओं को सम्मानित किया। वहीं, एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के लाभार्थियों को टूलकिट तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत चयनित उद्यमियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में जीएसटी, उद्योग एवं अन्य विभागों के अधिकारी, व्यापारी और उद्यमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित