सागर , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र के भापेल में सड़क किनारे बने तालाब में डूबने से दो मासूम भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मोतीनगर थाना प्रभारी के अनुसार भापेल निवासी विनोद नागवंशी ने तालाब के किनारे मकान बनाया है और अपने परिवार के साथ वहीं रह रहे हैं। रविवार सुबह विनोद के दो बच्चे जोगेंद्र (02) और गजेंद्र (04) घर के बाहर खेल रहे थे। खेलते-खेलते दोनों घर के समीप बने तालाब के पास पहुंच गए और पानी में गिर गए। डूबने से दोनों की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया गया है कि करीब दो दशक पहले भापेल में सड़क निर्माण के दौरान तालाब का निर्माण किया गया था। समय के साथ इसमें पानी बढ़ता गया और रविवार सुबह यह हादसा हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित