जगदलपुर , जुलाई 01 -- छत्तीसगढ़ में बस्तर जिले के भानपुरी में बुधवार को शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर, माला पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शिक्षा सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने तथा शैक्षणिक संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों और बेटों को समान रूप से नियमित विद्यालय भेजने की अपील की।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है तथा यहां के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत और अनुशासन के साथ अध्ययन करने तथा डिजिटल शिक्षा का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ग्राम बनियागांव में एक करोड़ 12 लाख 80 हजार रुपये की लागत से निर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवन का लोकार्पण भी किया गया। नए भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
समारोह के दौरान विद्यालयों को स्मार्ट टीवी प्रदान किए गए। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम के अंत में मंत्री केदार कश्यप और सांसद महेश कश्यप ने विद्यार्थियों के साथ भोजन कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समारोह में जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित