बलौदाबाजार-भाटापारा , सितंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार-भाटापारा जिले के भाटापारा में गत एक सितंबर से अब तक 40 सूअरों की मौत के बाद पशु चिकित्सा विभाग सतर्क हो गया है।

विभाग से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार भाटापारा के टेहका रोड स्थित विवान पिक फार्म हाउस में लगातार सूअरों की मौत के मामले सामने आए हैं। गत एक सितंबर से अब तक यहां 40 सूअरों की मौत हो चुकी है। इसकी जानकारी मिलने के बाद पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निगरानी तथा उपचार शुरू किया।

विभाग ने सूअरों की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। लगातार हो रही मौतों के कारण पशुपालकों और आसपास के लोगों में चिंता बनी हुई है।

स्वाइन फीवर सूअरों में फैलने वाला वायरल रोग है, जो घरेलू और जंगली सूअरों को संक्रमित करता है। यह वायरस मनुष्यों में नहीं फैलता और संक्रमित सूअर के संपर्क में आने से भी इंसानों की सेहत को खतरा नहीं होता है। सूअरों में तेज बुखार, आंतरिक रक्तस्राव और अत्यधिक कमजोरी इसके प्रमुख लक्षण बताए जाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित