वाराणसी , अप्रैल 4 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 46वें स्थापना दिवस के अवसर पर 6 अप्रैल को काशी क्षेत्र के सभी 28,087 बूथों पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस संबंध में भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने शनिवार को रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी और इस वर्ष पार्टी अपना 46वां स्थापना दिवस मना रही है। शीर्ष संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 5, 6 और 7 अप्रैल को सभी मंडल, जिला, क्षेत्र तथा प्रदेश कार्यालयों को फूलों, लाइटिंग और रंगोली से आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि 6 अप्रैल को सभी पार्टी कार्यालयों पर भाजपा का ध्वज फहराया जाएगा तथा मिष्ठान वितरण किया जाएगा। 6 और 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक सदस्यों, सक्रिय सदस्यों और गणमान्य नागरिकों के साथ स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अवसर पर संस्थापक नेताओं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर पार्टी की विचारधारा पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने घरों पर भी पार्टी का ध्वज फहराएगा और ध्वज के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करेगा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक काशी क्षेत्र में 'ग्राम एवं बस्ती संपर्क अभियान' चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक बड़ी विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 50 बड़े गांव या बस्तियों तथा छोटी विधानसभा क्षेत्र में 30 बड़े गांव या बस्तियों का चयन किया जाएगा। इस अभियान में पार्षद से लेकर शीर्ष पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित