धार , अक्टूबर 22 -- भारतीय जनता पार्टी 23 अक्टूबर से पांच नवंबर तक 'लोकतंत्र बचाओ-भीड़तंत्र हटाओ' अभियान चलाएगी। अभियान के तहत पदयात्रा, प्रबुद्धजन गोष्ठी, युवा संवाद, छात्र प्रतियोगिताओं और सोशल मीडिया गतिविधियों के माध्यम से कांग्रेस और इंडी गठबंधन की ओर से चुनाव आयोग तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर लगाए जा रहे आरोपों का जवाब दिया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को धार स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिला स्तरीय कार्यशाला और कामकाजी बैठक आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती, विधायक नीना वर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव और जिला टोली संयोजक देवेंद्र सोनोने सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस झूठ के आधार पर देश में भ्रम का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और सोशल मीडिया पर भ्रामक प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने कहा कि अभियान के माध्यम से चुनाव आयोग, संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों पर पार्टी जनता के बीच अपना पक्ष रखेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर संपर्क कर अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देने को कहा।
जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग और संगठनात्मक समन्वय पर जोर दिया। बैठक में जिला टोली संयोजक देवेंद्र सोनोने ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक का संचालन जिला मंत्री विनीत मंडलोई ने किया और आभार जिला मंत्री सुभाष जायसवाल ने माना।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित