लखनऊ , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से 22 जुलाई को प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित करेगी।

इन सम्मेलनों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

पार्टी के अनुसार, सम्मेलनों में आगामी संगठनात्मक कार्ययोजना, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान और भविष्य की चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। "बूथ जीता-चुनाव जीता" तथा "मेरा बूथ सबसे मजबूत" के संकल्प के साथ आयोजित इन सम्मेलनों का उद्देश्य बूथ स्तर पर संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना है। कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर सदर विधानसभा में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करेंगे।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी सीतापुर जिले की लहरपुर विधानसभा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बरेली शहर, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शाहजहांपुर की जलालाबाद तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह वाराणसी दक्षिण और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

इसके अतिरिक्त प्रदेश सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला प्रभारी और जिलाध्यक्ष भी विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित सम्मेलनों में भाग लेकर बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र सिंह चौधरी, ए.के. शर्मा, दारा सिंह चौहान, जेपीएस राठौर, दयाशंकर मिश्र 'दयालु', दानिश अंसारी सहित अनेक वरिष्ठ नेता विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। प्रदेश महामंत्री, प्रदेश मंत्री, मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और क्षेत्रीय अध्यक्ष भी अलग-अलग जिलों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों में शामिल होंगे।

भाजपा का कहना है कि इन सम्मेलनों के माध्यम से बूथ स्तर पर संगठनात्मक मजबूती बढ़ाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी चुनावों के लिए प्रभावी रणनीति तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित