पटना , अक्टूबर 21 -- बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 22 अक्टूबर से पांच नवंबर तक 'लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ' अभियान चलाएगी।

इस 15 दिवसीय अभियान के तहत पार्टी प्रदेशभर में प्रेस वार्ता, रैलियां, युवा संवाद, छात्र प्रतियोगिताओं और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता, मतदाता सूची की शुद्धता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाएगी।

अभियान की तैयारियों और रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए बुधवार को पटना स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठक आयोजित की गई।

प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की और इसे सभी जिलों में प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

श्री सरावगी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती, मतदाता सूची की शुद्धता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए भाजपा जन-जन तक पहुंचेगी। उन्होंने अभियान के तहत निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने, जिला स्तर पर समन्वय स्थापित करने और जनसंपर्क गतिविधियों को व्यापक रूप देने पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित