भोपाल , अप्रैल 06 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने सोमवार को भाजपा के स्थापना दिवस पर पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ध्वजारोहण किया। इसी अवसर पर 14 जिलों में पार्टी कार्यालय भवनों का वर्चुअल भूमि-पूजन और 3 जिलों में कार्यारंभ किया गया। प्रदेशभर में बूथ स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। पार्टी की यात्रा केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि वैचारिक और आध्यात्मिक साधना है। पार्टी कार्यालय हम सभी के लिए मंदिर हैं और हमारे कार्य का आधार हैं। उन्होंने कहा कि आज 14 जिला कार्यालयों का भूमि-पूजन और 3 जिलों में कार्यारंभ हुआ है, जो अगले स्थापना दिवस पर लोकार्पित होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि यह केवल स्थापना दिवस नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और संकल्प का उत्सव है। पार्टी की विचारधारा सन् 1952 से अडिग है और पार्टी का उद्देश्य राष्ट्र निर्माण और अंतिम व्यक्ति के जीवन में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि सभी जिलों में कार्यालय आधुनिक बनाए जाएंगे और सोलर सिस्टम से पर्यावरण संरक्षण पर भी ध्यान दिया जाएगा।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि भाजपा की 1980 से 2026 तक की विकास यात्रा देश-दुनिया के लिए प्रेरणादायक बन गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वर्तमान चुनौतियों को समझकर उन्हें पार करते हुए राष्ट्र को सशक्त बनाना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने पांच प्रमुख क्षेत्रों-पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी भावना, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता में समर्पित कार्य करने का आह्वान किया।

स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यालय सहित पूरे प्रदेश में आतिशबाजी और मिठाई वितरण के साथ उत्साहपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने दिवंगत वरिष्ठ नेताओं और उनके परिवारों का सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने किया।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार की मंत्री श्रीमती प्रतिमा बागरी, प्रदेश मंत्री सुश्री राजो मालवीय, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक भगवानदास सबनानी, राघवेन्द्र गौतम, जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा, भोपाल जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी एवं पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित