लखनऊ , अप्रैल 08 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से मिलीभगत करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि मतदाताओं के वोट काटने की साजिश रची जा रही है, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा किया जा सके।

श्री यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि सपा के पीडीए प्रहरियों ने फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए वोट कटवाने के मामलों को पकड़ा, लेकिन चुनाव आयोग ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की।

उन्होंने बुधवार को कानपुर के एक दिवसीय दौरे के दौरान संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कानपुर के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कानपुर, इटावा और कन्नौज को "ट्रेड ट्रायंगल" के रूप में विकसित करने की योजना का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने ऐतिहासिक लाल इमली कारखाने को दोबारा शुरू कराने का भरोसा जताया और कहा कि सपा सरकार के कार्यकाल में कानपुर में मेट्रो, पनकी और घाटमपुर में बिजली परियोजनाएं तथा अमूल प्लांट जैसे कई औद्योगिक विकास कार्य किए गए थे।

श्री यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अवैध कारोबार और कानून व्यवस्था के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं और महिलाएं तथा बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने नदियों की सफाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट का दुरुपयोग हुआ, लेकिन जमीन पर कोई सुधार नहीं दिखा।

शिक्षा मित्रों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उनके साथ अन्याय किया है, जबकि सपा सरकार के दौरान उन्हें बेहतर मानदेय दिया जाता था। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार बनने पर शिक्षा मित्रों को न्याय और सम्मान मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित