अमृतसर , अक्टूबर 03 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के निधन के बाद उनके आवास पर शोक व्यक्त करने जाने के मामले में शनिवार को श्री अकाल तख्त साहिब पहुंचकर माफी मांगी।
श्री बिधूड़ी ने पांच सितंबर को श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में लिखित माफी दी थी। शनिवार को उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब में माथा टेका और गुरु साहिब से क्षमा याचना की। इसके बाद उन्होंने जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज से मुलाकात कर अपना पक्ष रखा और माफी पत्र सौंपा।
जत्थेदार गड़गज्ज ने कहा कि श्री बिधूड़ी ने अपनी गलती महसूस कर श्री अकाल तख्त साहिब से माफी मांगी है, यह अच्छीबात है। अपने माफी पत्र में श्री बिधूड़ी ने कहा कि उन्होंने 1984 के सिख विरोधी नरसंहार में सज्जन कुमार की भूमिका के कारण हमेशा उनके खिलाफ बात की है। उन्होंने स्वीकार किया कि ऐसे व्यक्ति के शोक समारोह में जाना, जो उन घटनाओंमें शामिल रहा हो, गलत था।
जत्थेदार ने कहा कि कांग्रेस से जुड़े कुछ अन्य राजनीतिक नेता भी सज्जन कुमार के आवास पर गए थे और उन्हें बिधूड़ी के माफी मांगने से सीख लेते हुए सिख समुदाय से क्षमा मांगनी चाहिए।
इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष परमजीत सिंह सरना भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित