रायपुर , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता एवं सांसद संतोष पाण्डेय ने संसद परिसर में विपक्षी कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने संसद की गरिमा को ठेस पहुंचाते हुए लोकतंत्र के मंदिर को राजनीतिक प्रदर्शन और ड्रामेबाजी का मंच बना दिया।
श्री पाण्डेय ने कहा कि संसद देश की 140 करोड़ जनता के मुद्दों पर गंभीर चर्चा और समाधान का स्थान है, न कि प्रदर्शन और प्रहसन के लिए। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनके सहयोगियों के पास देश के विकास से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक एजेंडा नहीं है, इसलिए वे संसद परिसर में इस तरह की गतिविधियों का सहारा ले रहे हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने संसद परिसर में कुछ सांसदों द्वारा किए गए प्रतीकात्मक प्रदर्शन पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि साधु-संतों की वेशभूषा और धार्मिक प्रतीकों का इस तरह इस्तेमाल करना सनातन परंपराओं और धार्मिक भावनाओं का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी गतिविधियों से संसद की गरिमा प्रभावित हुई है।
श्री पाण्डेय ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से संसदीय मर्यादा बनाए रखने की अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके बावजूद विपक्षी नेताओं का आचरण दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि संसद में गंभीर बहस के बजाय इस तरह के प्रदर्शन लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अनादर को दर्शाते हैं।
उन्होंने राहुल गांधी से देश की जनता, संसद और सनातन समाज से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित