अम्बिकापुर , मई 09 -- छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जनसेवा और संगठन विस्तार को लेकर दो महत्वपूर्ण पहल करते हुए निःशुल्क विधिक सहायता शिविर का आज शुभारंभ किया तथा जिला कार्यसमिति, विशेष आमंत्रित एवं स्थायी आमंत्रित सदस्यों सहित मंडल प्रभारियों की नई सूची जारी की।
भाजपा कार्यालय संकल्प भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता विद्यानंद मिश्रा ने निःशुल्क विधिक सहायता शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और कानूनी जानकारी पहुंचाना आवश्यक है तथा यह पहल जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि जरूरतमंदों को प्रत्येक माह निःशुल्क कानूनी परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
भाजपा विधि प्रकोष्ठ सरगुजा के जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय ने बताया कि गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के दूसरे और तीसरे शनिवार को निःशुल्क विधिक परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न सामाजिक एवं विधिक विषयों से संबंधित समस्याओं पर लोगों को मार्गदर्शन दिया गया।
इसी दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने जिला कार्यसमिति सदस्यों, विशेष आमंत्रित सदस्यों, स्थायी आमंत्रित सदस्यों तथा मंडल प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नई सूची जारी की।
संकल्प भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं अरुणा सिंह, उपाध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला, वरिष्ठ भाजपा नेता निलेश सिंह और जिला संवाद प्रमुख रूपेश दुबे की उपस्थिति में नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी गई।
श्री सिसोदिया ने कहा कि भाजपा संगठन आधारित पार्टी है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक ले जाना प्राथमिकता है।
रूपेश दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला कार्यसमिति, विशेष आमंत्रित और स्थायी आमंत्रित सदस्यों के साथ विभिन्न मंडलों के प्रभारी एवं सह-प्रभारियों के नाम घोषित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित