टोहाना , सितंबर 21 -- हरियाणा के टोहाना में आयोजित कांग्रेस के विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी।

सम्मेलन में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा, राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह समेत कई नेता मौजूद रहे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर, गरीब और युवा समेत हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा और मंडियों में उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने पराली के मुद्दे को लेकर सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए।

कुमारी सैलजा ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि राज्य में खनन, ड्रग, आब्रजन और गैंग माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों, डॉक्टरों और उद्योगपतियों को धमकी भरे फोन आ रहे हैं और फिरौती मांगी जा रही है।

श्री सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बीपीएल परिवारों के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में 52.50 लाख बीपीएल परिवार थे लेकिन छह महीने के भीतर 13.50 लाख परिवारों को सूची से बाहर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में दो लाख से अधिक पद खाली हैं, जबकि युवा रोजगार के इंतजार में हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित