जयपुर , मई 31 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर युवाओं को बेरोजगार करने का आरोप लगाया है।

श्री गहलोत ने रविवार को अपने बयान में कहा," हमारी सरकार ने 'राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स-2022' बनाकर प्रदेश के संविदा कर्मियों को नियमित करने और भविष्य सुरक्षित करने का ऐतिहासिक काम किया था, लेकिन आज भाजपा सरकार उसी नियम की आड़ में युवाओं को बेरोजगार कर रही है। "उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के खुद के गृह जिले भरतपुर का यह हाल है कि आरबीएम और जनाना अस्पताल से एक झटके में 171 नर्सिंग कर्मियों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी। इसके विरोध में रात भर युवा अस्पताल के बाहर धरने पर बैठे रहे और कार्य बहिष्कार करना पड़ा। एनआईसीयू-पीआईसीयू जैसे संवेदनशील वार्डों का स्टाफ हटाने से स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है और जनता परेशान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित