वाराणसी , मई 24 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की पत्नी रीना राय ने कहा कि महोबा की दलित छात्रा के साथ हुई जघन्य घटना, अजय राय के खिलाफ दर्ज एफआईआर तथा उनके विरुद्ध चलाए जा रहे कथित एआई जनरेटेड वीडियो अभियान भाजपा सरकार की राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई का हिस्सा है।
सुश्री रीना राय ने मैदागिन स्थित कांग्रेस पार्टी कार्यालय में रविवार को कहा कि महोबा में नीट परीक्षा की तैयारी कर रही एक दलित छात्रा के साथ हुई अमानवीय घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। ऐसी पीड़ादायक घटना पर संवेदनशील सरकार को तत्काल न्याय सुनिश्चित करना चाहिए था, लेकिन दुर्भाग्य से सरकार पीड़िता को न्याय दिलाने के बजाय उन लोगों को निशाना बना रही है जो पीड़िता के पक्ष में आवाज उठा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय स्वयं महोबा जाकर पीड़ित छात्रा और उसके परिवार से मिले, उनका दुःख-दर्द सुना और न्याय की लड़ाई में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। यही बात भाजपा सरकार को असहज कर रही है।
उन्होंने कहा कि मेरे पति लगातार प्रदेश में अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ अपराध, युवाओं की समस्याओं और किसानों के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता और जनसंघर्ष से घबराकर भाजपा अब एआई आधारित भ्रामक वीडियो और झूठे प्रचार का सहारा ले रही है।
रीना राय ने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से उनके पति की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जनता का ध्यान महोबा की पीड़ित बेटी को न्याय दिलाने के मुद्दे से हटाया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित