सुलतानपुर , सितंबर 22 -- समाजवादी पार्टी (सपा) पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने मंगलवार को कहा कि कश्यप, निषाद और मल्लाह समाज का आरक्षण छीनने वाली भारतीय जनता पार्टी की अगले चुनाव में जमानती जब्त होगी। केंद्र व राज्य सरकारों को इस बार चुनाव में उनके काम की हैसियत बताने का काम किया जाएगा।
सुलतानपुर पार्टी कार्यालय पर मीडिया से बातचीत करते हुए कस्यो ने कहा कि सुलतानपुर से खासा लगाव रखने वाले मछली विभाग के मंत्री संजय निषाद यहां एक मछली मंडी तक नहीं बनवा पाए। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग यह भ्रम फैलाते थे कि 56 एसडीएम यादव हो गए हैं, लेकिन आज तक इसकी सूची नहीं दे पाए। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश यादव ने बीजेपी की सभी नीतियों का पूरा ऑडिट किया है, जिसका बीजेपी कोई जवाब नहीं दे पाई है कि कितना आरक्षण घोटाला हुआ है।
कश्यप ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में 20 से ज्यादा परीक्षाएं लीक हुईं। उन्होंने कहा कि 22 परीक्षाओं में 11 हजार 514 वैकेंसी का आरक्षण घोटाला किया गया है। अखिलेश यादव ने यह भी बताया है कि कितनी अंबेडकर की मूर्तियां तोड़ी गई हैं।
कश्यप ने रोजगार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्र में 13 साल और उत्तर प्रदेश में 10 साल होने जा रहे हैं, यानी 23 साल की डबल इंजन सरकार ने क्या किया है? उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सड़कें तक नहीं बना पाई है। अखिलेश सरकार ने जो बांधमंडी दी थी, उसे भी बीजेपी वालों ने कब्जा कर लिया है। चीनी मिलें बंद हो चुकी हैं, सड़कों की हालत खराब है, स्कूलों की हालत भी ठीक नहीं है। अध्यापक नहीं हैं और विद्यालय बंद किए जा रहे हैं।
श्री कश्यप ने रेलवे स्टेशनों की दुर्दशा और सरकारी नलकूपों के खराब होने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जो पानी की टंकियां बनी थीं, वे भी गिर रही हैं, जो भ्रष्टाचार को दर्शाता है। डॉ. राजपाल कश्यप ने बताया कि पार्टी 75 जिलों का घोषणा पत्र तैयार कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सुझाव मांगे और कहा कि जो सुझाव शामिल करने लायक होंगे, उन्हें सरकार बनने पर पूरा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित