वाराणसी , अक्टूबर 30 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के घोसी सांसद राजीव राय ने भाजपा सरकार पर छोटे व्यापारियों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार केवल चंद पूंजीपतियों की सरकार है। उसे फुटकर, रेहड़ी-पटरी, गुमटी और खोमचे वालों से कोई हमदर्दी नहीं है।
राजीव राय शुक्रवार को वाराणसी के पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में समाजवादी व्यापार सभा की ओर से आयोजित 18वें पीडीए व्यापारी मण्डलीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में वाराणसी, चंदौली, जौनपुर और गाजीपुर के दो हजार से अधिक व्यापारियों एवं वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने व्यापारियों से कई वादे किए, लेकिन जमीनी स्तर पर वे परेशान हैं। कारोबार बढ़ाने के लिए व्यापारियों को सुविधाओं और विश्वास के माहौल की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि 2027 में सपा की सरकार बनने पर कानून बनाकर व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
समाजवादी व्यापार सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनीष जगन अग्रवाल ने भी सरकार पर छोटे दुकानदारों को खत्म कर कारोबार को बड़े कॉरपोरेट घरानों के हाथों में सौंपने की कोशिश करने का आरोप लगाया। प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल ने कहा कि सपा सरकारों ने हमेशा व्यापारियों के हित में काम किया है। सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित