जयपुर , अक्टूबर 24 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान की भाजपा सरकार किसानों के कल्याण, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, जल संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और उसके 34 महीनों के कार्यकाल में किसान कल्याण को नयी गति मिली हैं।
श्री राठौड़ शनिवार को भाजपा सरकार एवं पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कामों की तुलना करते हुए कहा कि सरकार के 34 महीनों में कृषि क्षेत्र में किए गए कार्यों के आंकड़े बताते हैं कि किसानों को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित करने और खेतों तक सुविधाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया गया है और भाजपा सरकार के 34 महीनों के कार्यों की तुलना पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष के कार्यकाल से करने पर सिंचाई, खेतों की तारबंदी, सूक्ष्म सिंचाई और कृषि संबंधी आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय अंतर सामने आ रहा है। कहीं किसी क्षेत्र में तीन गुणा, चार गुणा या पांच गुणा तक अधिक कार्य भाजपा सरकार ने किये है।
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के 34 महीनों में नहरी तंत्र के माध्यम से एक लाख 42 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सृजित की गयी। इसके मुकाबले कांग्रेस सरकार के पूरे पांच वर्ष में 52 हजार 182 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सृजित हुई थी। इसी प्रकार पाइपलाइन पर अनुदान के माध्यम से वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 98 हजार 753 किसानों को लाभान्वित किया गया, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों में यह संख्या 91 हजार 582 थी। भाजपा सरकार में किसानों की फसलों को आवारा पशुओं से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए खेतों की तारबंदी योजना को गति दी गयी है।
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के 34 महीनों में 445 लाख मीटर तारबंदी का कार्य किया गया और किसानों को 511 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया। जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में 113 लाख मीटर तारबंदी हुई और 113 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया था। वर्षा जल के संग्रहण और सिंचाई के लिए खेतों में जल उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से फार्म पॉण्ड निर्माण को प्रोत्साहित किया गया है। भाजपा सरकार के 34 महीनों में 35 हजार 893 फार्म पॉण्ड बनाये गये तथा किसानों को 369 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया। कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में 29 हजार 430 फार्म पॉण्ड बने थे और इस मद में 202 करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया था।
श्री राठौड़ ने कहा कि भाजपा सरकार के 34 महीनों में ड्रिप एवं मिनी स्प्रिंकलर प्रणालियों के माध्यम से 3 लाख 10 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को लाभान्वित किया गया और 1304 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया। जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में इन प्रणालियों से महज एक लाख 83 हजार हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित हुआ था तथा 842 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया था। इसी प्रकार फव्वारा सिंचाई संयंत्रों पर भाजपा सरकार के 34 महीनों में 393 करोड़ रुपए का अनुदान दिया गया, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में यह राशि 238 करोड़ रुपए थी। उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए भाजपा सरकार के 34 महीनों में 67 हजार 408 सोलर पंप सेट स्थापित किये गये, जबकि कांग्रेस सरकार के पांच वर्ष में 63 हजार 140 सोलर पंप सेट स्थापित हुए थे। संरक्षित खेती के क्षेत्र में भी शेडनेट हाउस निर्माण को प्रोत्साहन दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित