अलवर , अक्टूबर 04 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पंजाब-जम्मू कश्मीर प्रभारी डॉ सतीश पूनियां ने कहा है कि राजस्थान में निकाय चुनावों में भाजपा को सफलता मिली है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार के पिछले ढाई साल के कामकाज का असर आगामी पंचायत चुनावों में भी देखने को मिलेगा।

डॉ पूनियां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' अभियान के तहत रविवार को अलवर में आयोजित वॉकथॉन में युवाओं से संवाद के अवसर पर मीडिया से बातचीत में यह दावा किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन और सरकार के कामकाज के आधार पर जनता के बीच जाएगी।

उन्होंने प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्हें पार्टी की प्रतिष्ठित और वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि श्रीमती वसुंधरा राजे ने केंद्रीय मंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनके जैसे बड़े राजनीतिक कद वाले नेता के संदर्भ में 'नाराजगी' जैसे शब्द का इस्तेमाल उचित नहीं लगता।

उन्होंने कहा कि उनकी राजस्थान ही नहीं, राष्ट्रीय राजनीति में भी उपस्थिति और भूमिका का प्रभाव रहा है।

राजस्थान में नशे के खिलाफ कार्रवाई को लेकर डॉ पूनियां ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान भाजपा सरकार के दौरान नशे के खिलाफ पिछली कांग्रेस सरकार की तुलना में करीब चार गुना अधिक कार्रवाई हुई है। नशे की तस्करी में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के साथ मादक पदार्थ बनाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित