हैदराबाद , अगस्त 12 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी तेलंगाना राज्य परिषद के सहायक सचिव ईटी नरसिम्हा ने बुधवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर देश की संप्रभुता से समझौता करने का आरोप लगाते हुए सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लोगों से एकजुट होने की अपील की।

भाकपा ने केन्द्र की भाजपा सरकार की नाकामियों के विरोध में खैराबाद निर्वाचन क्षेत्र के जुबली हिल्स संभाग में पदयात्रा निकाली। पार्टी नेताओं ने महात्मा ज्योतिराव फुले, डॉ. बीआर आंबेडकर और डॉ. बाबू जगजीवन राम को श्रद्धांजलि दी और इसके बाद फिल्म नगर से गुरुब्रह्म नगर तक यह यात्रा निकाली।

श्री नरसिम्हा ने सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिकी प्रशासन के दबाव में काम कर रहे हैं और भारत की स्वतंत्र विदेश नीति से समझौता कर रहे हैं। उन्होंने अमेरिका, रूस, इजरायल और पाकिस्तान के साथ संबंधों को संभालने के सरकार के तरीके पर सवाल उठाये। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार उद्योगपतियों के हितों की रक्षा कर रही है।

उन्होंने भाजपा सरकार पर मजदूर विरोधी और जनविरोधी नीतियां चलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि मजदूर, छात्र, किसान, महिलाएं, बेरोजगार युवा, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक सरकार के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। श्री नरसिम्हा ने लोगों से हाल ही में युवाओं (जेन-जी) के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों से प्रेरणा लेने और भाजपा के खिलाफ लड़ाई को तेज करने का आह्वान किया।

उन्होंने जनता से एक सितंबर को रामलीला मैदान में होने वाली भाकपा की विशाल जनसभा में शामिल होने और मोदी सरकार को सत्ता से हटाने की दिशा में काम करने की अपील की। भाकपा हैदराबाद के जिला सचिव स्टालिन और जिला परिषद के अन्य सदस्य इस पदयात्रा में शामिल हुए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित