देवरिया , सितंबर 30 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश सह प्रभारी अभिषेक दत्त ने बुधवार को कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारें किसानों की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं कर पाई है।

श्री दत्त ने यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में किसान गोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि महंगाई से महिलाएं, कृषि संकट से किसान और बेरोजगारी से युवा परेशान है। देवरिया कृषि प्रधान जिला है लेकिन कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और रोजगार के अवसर विकसित नहीं हो पाए हैं। किसानों की उपज को मूल्यवर्धन से जोड़कर आय बढ़ाने की जरूरत है।

इससे पहले किसान गोष्ठी में किसानों ने धान-गेहूं के उचित मूल्य, क्रय केंद्रों पर खरीद में देरी, खाद-बीज की किल्लत, नहरों में पानी की कमी, बिजली की अनियमित आपूर्ति, आवारा पशुओं से फसल बर्बादी, जलभराव और ग्रामीण सड़कों की समस्या उठाई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ने कहा कि खाद, पानी, बिजली और आवारा पशु किसान की मुख्य समस्या है। संवाद में उठे मुद्दे प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व के समक्ष रखे जाएंगे।

युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद यादव ने कहा कि कभी देवरिया की अर्थव्यवस्था चीनी मिलों से मजबूत थी। जिससे किसान परिवार चलाते थे, आज वे आर्थिक संकट में हैं। भूमि बचाओ संघर्ष समिति के अजय मणि त्रिपाठी और चीनी मिल संघर्ष समिति के अवधेश मणि त्रिपाठी ने किसानों का प्रतिवेदन श्री दत्त को सौंपा और बताया कि एशिया की पहली चीनी मिल 1903 में देवरिया के प्रतापपुर में स्थापित हुई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित