भोपाल , जनवरी 19 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर कथनी-करनी में अंतर का आरोप लगाया और कहा कि सरकार सनातन धर्म का अपमान कर रही है।

श्री पटवारी ने यहां संवाददाताओं से चर्चा में कहा कि सनातन धर्म में सर्वोच्च आध्यात्मिक पदवी जगतगुरु शंकराचार्य की होती है, लेकिन माघ मेले में शंकराचार्य को स्नान करने से रोका जाना और उनके अनुयायियों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना, भाजपा के तथाकथित धर्म प्रेम का असली चेहरा उजागर करता है। एक ओर भाजपा हिंदू सम्मेलन आयोजित करती है, वहीं दूसरी ओर सनातन धर्म की सर्वोच्च गद्दी का अपमान करती है।

श्री पटवारी ने कहा कि छिंदवाड़ा में कफ सिरप कांड में 23 बच्चों की मृत्यु के बाद हटाए गए तत्कालीन ड्रग कंट्रोलर दिनेश कुमार मौर्य को कुछ ही दिनों बाद सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव बना दिया गया। इसी प्रकार इंदौर में दूषित पानी से 24 नागरिकों की मृत्यु के बाद हटाए गए नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार यादव को मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम का प्रबंध संचालक नियुक्त कर दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मौतों के जिम्मेदार अधिकारियों को सजा नहीं, बल्कि पुरस्कार देती है।

उन्होंने दावा किया कि इंदौर नगरनिगम अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया को निलंबित करने की घोषणा तो की गई, लेकिन आज तक उसका आदेश जारी नहीं हुआ। इससे प्रतीत होता है कि सरकार इंदौर की जनता के साथ षड्यंत्र कर रही है ।

उन्होंने युवाओं को रोजगार नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार भविष्य नहीं, भय पैदा करती है। कांग्रेस युवाओं के हक, रोजगार, परीक्षा पारदर्शिता और समयबद्ध भर्ती के मुद्दे पर जल्द ही एक व्यापक प्रदेशव्यापी कार्यक्रम घोषित करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित