जयपुर , अप्रैल 12 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर अपराध के आंकड़े कम दिखाने के लिए कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि इस कारण वीडियो वायरल होने के बावजूद भी आरोपी खुले घूम रहे है।

श्री गहलोत ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक खबर शेयर करते हुए अपने बयान में यह बात कही। उन्होंने कहा कि जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ का यह दृश्य शर्मनाक है, असहनीय है। एक युवती से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल हुआ परन्तु न पुलिस ने समय पर प्राथमिकी दर्ज की और 12 दिन बाद भी आज तक आरोपी गिरफ़्तार नहीं हुए हैं।

उन्होंने कहा कि अब दूसरी घटना में भी पुलिस वीडियो सबूत होने के बावजूद शिकायत दर्ज होने का इंतजार करती रही। उन्होंने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 स्पष्ट कहती है कि छेड़छाड़ संज्ञेय अपराध है जिसमें पुलिस स्वयं प्राथमिकी दर्ज कर सकती है एवं बिना वारंट गिरफ्तारी कर सकती है।

श्री गहलोत ने कहा कि हमारी कांग्रेस सरकार में अनिवार्य प्राथमिकी का नियम बनाया था, ऐसी घटनाओं में पुलिस स्वयं मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करती थी। हमारी सरकार आंकड़े कम करने का प्रयास नहीं करती बल्कि प्रभावी कार्रवाई करती थी। आज वीडियो वायरल है फिर भी आरोपी खुले घूम रहा है क्योंकि अपराध के आंकड़े कम दिखाने के लिए भाजपा सरकार कार्रवाई नहीं कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित