जयपुर , अगस्त 04 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा सरकारें बात सुनने की बजाय दमन का रास्ता अपना रही हैं।
श्री गहलोत ने करणी सेना के प्रदर्शन में घायल हुए युवक की मंगलवार को मौत के बाद अपने बयान में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सोमवार को जयपुर में हुए प्रदर्शन में युवाओं पर लाठीचार्ज एवं वॉटर कैनन का प्रयोग किया गया जिसमें घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मृत्यु हो जाना अत्यंत पीड़ादायक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार तानाशाही रवैया अपना चुकी है, जिसमें हर प्रदर्शन में अनावश्यक वॉटर कैनन चलाना, लाठीचार्ज करना और पैलेट गन तक का प्रयोग किया जा रहा है। भाजपा सरकारें बात सुनने की बजाय दमन का रास्ता अपनाती हैं। असहमति व्यक्त करना लोकतंत्र में नागरिक का अधिकार है, अपराध नहीं। जहां-जहां भाजपा सरकारें हैं वहीं ऐसा क्यों हो रहा है। कब तक हमारे युवा भाजपा के बल-प्रयोग का शिकार होते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए एवं पीड़ित परिवार को उचित सहायता देनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित