रांची , सितंबर 17 -- देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को यादगार और ऐतिहासिक रूप से मनाने के लिए झारखंड़ भाजपा ने पूरे प्रदेश में अनेक कार्यक्रम आयोजित किया।
पूरे राज्य में नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को एक उत्सव के रूप में मनाया गया। क्या आम, क्या खास, क्या भाजपा कार्यकर्ता, सभी ने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र की कामना की और सभी ने आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। झारखंड़ के लाखों घरों में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित हुआ और सबने नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन की कामना की।
झारखंड़ प्रदेश कार्यालय सहित पूरे प्रदेश में युवा मोर्चा के द्वारा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रदेश कार्यालय में ऑर्किड ब्लड सेंटर के माध्यम से आयोजित रक्तदान शिविर में प्रदेश उपाध्यक्ष भानुप्रताप शाही और महामंत्री अमर कुमार बाउरी सहित पार्टी के सैकड़ों युवा कार्यकर्ताओं ने 50 यूनिट रक्तदान किया।
भाजपा प्रदेश कार्यालय तथा महिलौंग स्थित सरला बिरला यूनिवर्सिटी में देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत रक्तदान शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि आज हमसब के लिए गर्व का क्षण है कि हमारे यशश्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। भाजपा झारखंड़ प्रदेश के कार्यकर्ता इस पावन दिवस को यादगार और ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेश भर में कई कार्यक्रमों का आयोजन कर रहे हैं। उसी निमित सुबह 11 बजे से रक्तदान शिविर लगाया गया। तो वहीं पूरे प्रदेश में संध्या 7 बजे एक साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं, केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थी एवं आम जनता के द्वारा"आशीर्वाद का दीया" जलाया गया तथा प्रधानमंत्री की उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के लिए मंगलमय कामना की गई।
उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है-हमारा एक छोटा-सा प्रयास किसी जरूरतमंद के जीवन में नई आशा और नई जिंदगी का संचार कर सकता है। सेवा, समर्पण और मानवता की भावना से आयोजित यह अभियान समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी को और मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब, दलित, शोषित, वंचित, महिला, युवा, मजदूर हर वर्ग की चिंता की है। इसलिए हम सबका फर्ज बनता है कि उनकी लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य के लिए कामना करें। वे स्वस्थ रहें और यही ऊर्जा और सेवा भाव से देश की सेवा करते रहें।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने नरेंद्र मोदी की दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की यशस्वी एवं दूरदर्शी नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उनके नेतृत्व में 'विकसित भारत' का संकल्प निरंतर साकार हो रहा है।
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु जीवन की मंगलकामना करते हुए कहा कि आज हम सब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए यह गर्व का क्षण है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस है। हम सबने आज के दिन को सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया। झारखंड़ के करोड़ों लोगों ने आशीर्वाद का दीया अपने-अपने घरों में जलाकर नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद देने का काम किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन, मधु कोड़ा, राष्ट्रीय मंत्री डॉ प्रदीप कुमार वर्मा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं संजय सेठ, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू, गीता कोड़ा, महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, शैलेंद्र सिंह, सरोज सिंह, सुनीता सिंह, अमरदीप यादव कृष्णा महतो, अमित सिंह, मनीर उरांव, शालिनी बैसिखियार, दीपक बंका, मंत्री हेमन्त दास, सूरज चौरसिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप, प्रमुख प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव, शोभा यादव, संदीप वर्मा, अशोक बड़ाईक, अजय राय, सतीश सिन्हा, तारिक इमरान, नीरज सिंह, सूरज शाहदेव, रमेश सिंह, ललित ओझा, शशांक राज, सीमा सिंह, वरुण साहू आदि ने भी जन्मदिन की शुभकामनाएं और बधाई दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित