प्रतापगढ़ , सितम्बर 28 -- राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने आज सोमवार को कहा है कि निर्वाचन आयोग में दो चुनाव आयुक्तों के जरिये असहमति का पत्राचार लोकतंत्र के लिए ताजा परिवेश में सबसे बड़ी एवं गम्भीर चुनौती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए लगातार देश के संवैधानिक ढांचे पर प्रहार कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सच की आवाज को बुलंद कर संवैधानिक तंत्र को देश के सामने जवाबदेही के लिए मजबूर कर दिया है।
सांसद प्रमोद तिवारी आज सोमवार को प्रताप गढ़ जिले के कुम्भीआइमा बाजार में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ के संकल्प के तहत आयोजित विशाल जनसभा को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस विधान मण्डल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने कहा कि कांग्रेस देश में जनता के अधिकार तथा लोकतंत्र में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष की आवाज लगातार बुलंद करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित