भोपाल , अक्टूबर 01 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी रेखा वर्मा तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक को संबोधित किया। बैठक में संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं से संवाद, सेवा संकल्प अभियान और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष श्री खण्डेलवाल ने कहा कि संगठन की सक्रियता का असर बूथ स्तर पर दिखाई दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम में बूथ स्तर की सहभागिता में पिछले कुछ महीनों में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत बेहतर कार्य हुआ है और आगामी कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के लिए कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

उन्होंने जिला, मंडल और बूथ स्तर तक नियमित बैठक, प्रवास और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश पदाधिकारी जिलों में पहुंचकर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा कर रहे हैं। मंडल अध्यक्ष शक्ति केंद्रों और बूथ टोली के साथ नियमित बैठक करें तथा शक्ति केंद्र प्रभारी और बूथ टोली के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें। सरकार की योजनाओं और संगठन के कार्यों को कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता तक पहुंचाया जाएगा।

श्री खण्डेलवाल ने कहा कि जिला प्रभारियों को जिला कोर कमेटी के साथ नियमित बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठकों में आने वाले विषय, सुझाव और संगठनात्मक आवश्यकताएं जिला नियमित प्रभारी के माध्यम से संभाग प्रभारी तक पहुंचाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि नियमित बैठक, प्रवास, प्रशिक्षण और बूथ स्तर तक सतत संपर्क से संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाया जाएगा।

प्रदेश प्रभारी श्री बिप्लब कुमार देब ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का संगठन मजबूत, सक्रिय और व्यापक है। उन्होंने कहा कि संगठन में दायित्व मिलना या बदलना स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाए रखना आवश्यक है। प्रत्येक पदाधिकारी अपने दायित्व का जिम्मेदारी से निर्वहन करे और ऐसा कार्य करे कि दायित्व बदलने के बाद भी कार्यकर्ता उसे सम्मान और विश्वास के साथ याद करें।

उन्होंने कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता का नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम है। संगठन और सरकार के बेहतर तालमेल का लाभ जनता को मिलता है। उन्होंने कहा कि शालीनता, अनुशासन और संवाद भाजपा की कार्य संस्कृति की पहचान है। श्री देब ने कांग्रेस और राहुल गांधी से कांग्रेस के लंबे शासनकाल में आदिवासी क्षेत्रों के विकास और समस्याओं के समाधान के लिए किए गए कार्यों का हिसाब जनता को देने की बात कही।

प्रदेश सह प्रभारी श्रीमती रेखा वर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का संगठन मजबूत और सक्रिय है। संगठन को लेकर बैठक में मिले मार्गदर्शन को प्राथमिकता के साथ लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और समन्वय बढ़ाया जाएगा। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पंचायत, विधानसभा और लोकसभा चुनाव के लिए संगठन पूरी तैयारी और एकजुटता के साथ कार्य करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित