सीकर , सितंबर 05 -- राजस्थान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर उसके कुशासन से आमजन परेशान होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि नगरपालिकाओं की व्यवस्थाएं बदहाल हो चुकी है और वे भ्रष्टाचार का अड्डा बन गई हैं।

श्री डोटासरा शनिवार को सीकर जिले में लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसंपर्क कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं मतदाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है, रास्तों में जगह-जगह गड्ढे हैं और आमजन मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका क्षेत्र में नरोदड़ा और मानासी को शामिल किए जाने के बावजूद वहां आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। करीब आठ महीने बीत जाने के बाद भी सफाई और रोशनी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। वहीं सीवरेज व्यवस्था को लेकर भी कोई ठोस योजना नहीं बनाया गया है।

श्री डोटासरा ने कहा कि केवल क्षेत्र का विस्तार कर देने से विकास नहीं होता, बल्कि नए शामिल क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना भी सरकार और नगरपालिका की जिम्मेदारी है। उन्होंने नरोदड़ा सहित लक्ष्मणगढ़ के ब्रह्मानंद बगीची, बंजारा बस्ती और सरकारी अस्पताल क्षेत्र में जनसंपर्क किया। उन्होंने करीब डेढ़ दर्जन वार्डों का दौरा कर कांग्रेस प्रत्याशियों के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया तथा मतदाताओं से संवाद किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि वार्ड स्तर पर जनता के बीच जाकर स्थानीय समस्याओं को समझें और कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाएं। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने श्री डोटासरा का स्वागत किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित