पटना , जुलाई 16 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष संजय सरावगी ने गुरुवार को कहा कि राष्ट्रहित, विकास और सुशासन की नीतियों के कारण भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।भाजपा के प्रदेश कार्यालय में आज आयोजित भव्य मिलन समारोह में विभिन्न राजनीतिक दलों एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े कई प्रमुख नेताओं ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने सभी नए सदस्यों को पार्टी की सदस्यता दिलाते हुए उनका स्वागत किया।
मिलन समारोह में समस्तीपुर से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी एवं युवा उद्यमी चेतना झाम , फतुहा की प्रमुख श्रुति श्री , विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद मधुकर यादव सहित कई प्रमुख नेताओं ने भाजपा का दामन थामा। उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थकों ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का परिवार लगातार विस्तारित हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता का भरोसा लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और कार्यकर्ता भाजपा से जुड़ रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित