मुंबई , अगस्त 11 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक श्वेता महाले ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से छत्रपति शिवाजी महाराज की माता राजमाता जिजाबाई के सम्मान में बुलढाणा जिले का नाम बदलकर 'राजमाता जिजाऊ नगर' करने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में सुश्री महाले ने जिले का नाम बदलने की मांग करते हुए कहा कि राजमाता जिजाबाई का जन्म बुलढाणा जिले के सिंदखेड राजा में हुआ था। उन्होंने कहा कि जिले का नाम जिजाबाई के नाम पर रखना हिंदवी स्वराज्य की स्थापना में उनके योगदान के लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

सुश्री महाले ने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांग पर तुरंत संज्ञान लिया है और प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया है। उन्होंने इस घटनाक्रम को बुलढाणा को राजमाता जिजाबाई से जुड़ी एक नयी पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

बुलढाणा में विश्व प्रसिद्ध लोनार झील, संत गजानन महाराज से जुड़े तथा 'विदर्भ के पंढरपुर' के रूप में जाने जाने वाले शेगांव, मेहकर के श्री शारंगधर बालाजी मंदिर, ज्ञानगंगा वन्यजीव अभयारण्य और सैलानी बाबा दरगाह सहित कई प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल हैं। ये देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहे हैं।

सुश्री महाले ने कहा कि सिंदखेड राजा में राजमाता जिजाबाई का जन्म होना बुलढाणा के लोगों के लिए अत्यधिक गर्व की बात है। यह स्थान 'मातृतीर्थ' के नाम से भी प्रसिद्ध है। उन्होंने बालक शिवाजी महाराज में स्वराज्य के आदर्शों को सींचने और हिंदवी स्वराज्य स्थापित करने के उनके दृष्टिकोण को आकार देने में राजमाता जिजाबाई की भूमिका पर प्रकाश डाला।

भाजपा विधायक ने कहा कि जिले का नाम 'राजमाता जिजाऊ नगर' रखने से दुनिया भर से आने वाले पर्यटकों के बीच जिजाबाई की विरासत का प्रसार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने राज्य सरकार से शिवाजी महाराज के अनुयायियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस मांग पर विचार करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित