पटना , जुलाई 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश कार्यालय, पटना में शनिवार को भाजपा विधानमंडल दल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए जनहित एवं विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करना रहा।
बैठक के प्रारंभ में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उनके नेतृत्व में राज्य सरकार के सफलतापूर्वक 100 दिन पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
बैठक में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पिछले 100 दिनों के दौरान सरकार द्वारा जनहित, सुशासन और विकास के क्षेत्र में किए गए कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
नेताओं ने कहा कि सरकार ने पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील प्रशासन के माध्यम से जनता का विश्वास मजबूत किया है तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
बैठक में यह भी कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार और संगठन के बीच निरंतर संवाद, बेहतर समन्वय तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकास की गति को और तेज करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में श्री नवीन ने सभी जनप्रतिनिधियों से संगठन की रीति-नीति के अनुरूप कार्य करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की पहचान सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की है तथा सरकार और संगठन के सामंजस्य से ही विकास के लक्ष्य तेजी से प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आग्रह किया।
बैठक में आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रमों के साथ-साथ जनसंपर्क अभियानों को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। सभी जनप्रतिनिधियों से जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
बैठक में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसनिया सहित भाजपा के सभी विधायक एवं विधान पार्षद उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित