रायपुर , सितंबर 03 -- छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव का सड़क हादसे में घायल होने के बाद दिल्ली में इलाज जारी है। इस बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने आज उनसे मुलाकात कर स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से भी किरण सिंह देव के उपचार और स्वास्थ्य की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मुलाकात के बाद किरण सिंह देव ने सोशल मीडिया के माध्यम से नितिन नबीन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "भारतीय जनता पार्टी के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी ने आज दिल्ली में आत्मीय मुलाकात कर कुशलक्षेम जाना एवं अपनी शुभेक्षाएं प्रेषित कीं। उनके स्नेह, आत्मीयता एवं शुभेक्षाओं के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"गौरतलब है कि, किरण सिंह देव 29 जुलाई को उत्तरप्रदेश में सड़क हादसे में घायल हो गए थे। वह अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे थे। झांसी-ललितपुर हाईवे पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह एक ट्रक में जा घुसी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित