हमीरपुर , मई 26 -- उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ी है और भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है।
हमीरपुर जिले के राठ कस्बे में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण वर्ग समारोह के समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बृजेश पाठक ने मंगलवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, जबकि आज भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लोगों की आय में भी तीन गुना वृद्धि हुई है।
कार्यक्रम से पहले उप मुख्यमंत्री ने स्वामी ब्रह्मानंद महाराज की समाधि स्थल पहुंचकर पुष्प अर्पित किए और आशीर्वाद लिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना था कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई यात्रा कर सके। वर्ष 2014 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल तीन-चार हवाई अड्डे थे, जबकि वर्तमान में प्रदेश में 17 हवाई अड्डे संचालित हो रहे हैं। साथ ही नोएडा में एशिया के सबसे बड़े हवाई अड्डे का निर्माण कराया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं तथा महिलाओं को निशुल्क गैस कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, फसल बीमा योजना और मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमीरपुर को प्रदेश का नंबर एक जिला बनाने की दिशा में कार्य करेगी। साथ ही प्रधानमंत्री द्वारा मातृभाषा में शिक्षा को बढ़ावा देने की नीति को भी महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर सदर विधायक मनोज प्रजापति, राठ विधायक मनीषा अनुरागी, जिला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, जिला प्रभारी देवेश कुमार, जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद, बृजकिशोर गुप्ता, सुनील पाठक, ब्लॉक प्रमुख गोहांड अरविंद मुखिया, प्रीतम सिंह, किसान संतविलाश शिवहरे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित