भीलवाड़ा , अगस्त 21 -- राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भीलवाड़ा जिले सहित राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ कमल खिलाने के लिए पूरी तरहतैयार है।

यह बात भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने कहाकि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास की गति तेज हुई है और राज्य में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास को नए पंख लगे हैं। इस विकास यात्रा को गति देने के लिए स्थानीय निकायों और पंचायती राज में भी 'ट्रिपल इंजन' की सरकार जरूरी है।

श्री अग्रवाल ने जनता और मतदाताओं का आह्वान किया कि वे विकास की निरंतरता के लिए राष्ट्रवादी दल भाजपा का समर्थन करें। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा सेवाभावी और जनता से सीधे जुड़े रहने वाले कार्यकर्ताओं को आपसी सहमति से प्रत्याशी बनाया जाएगा। टिकट वितरण संगठन के नेतृत्व में पूरी पारदर्शिता और निर्विध्न रूप से संपन्न होगा और पार्टी सामूहिक ऊर्जा के साथ चुनाव मैदान में उतरकर कांग्रेस को परास्त करेगी।

नगर निकाय चुनाव में विधायक अशोक कोठारी द्वारा सभी 70 वार्डों में प्रत्याशी उतारने की चर्चाओं पर सांसद ने स्पष्ट किया कि ये सभी बातें पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने कहा कि विधायक अशोक कोठारी हमारी ही विचारधारा से हैं और उन्होंने सरकार को बिना शर्त समर्थन दिया है।

आगामी 23 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में उन्होंने कहा कि यह कोई शक्ति प्रदर्शन नहीं है, बल्कि विधायक द्वारा अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का ब्यौरा कार्यकर्ताओं के समक्ष रखने का एक पूर्व नियोजित कार्यक्रम है। विधायक कोठारी से संगठन का नियमित संवाद बना हुआ है। कार्यकर्ताओं में कोई कमी-बेशी या मनमुटाव रहा है, तो उसे आगामी दिनों में मिल-बैठकर सुलझा लिया जाएगा। भाजपा पूरी तरह एकजुट और एकमुखी होकर निकाय चुनाव लड़ेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित