देहरादून , जून 22 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट ने सोमवार को पार्टी के सभी मोर्चों की एक महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक ली। जिसमें उन्होंने आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए चुनावी दृष्टि से अधिक सक्रियता दिखाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार एवं दीप्ति रावत समेत पार्टी के सभी सात मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष श्री भट्ट ने कहा कि देश की तरह उत्तराखंड में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व पर जनता को अटूट विश्वास है। प्रदेश की जनता लगातार डबल इंजन सरकार के प्रयासों और उपलब्धियों पर अपनी मुहर लगा रही है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में जनता ने एक बार फिर कमल खिलाने का मन बना लिया है। लेकिन हमें इस पर संतुष्ट होकर बैठना नहीं है। हमें अधिक से अधिक जनता का आशीर्वाद प्राप्त करना है और उन्हें 'विकसित उत्तराखंड' के निर्माण में सहभागी बनाना है।
उन्होंने सभी मोर्चा पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे शीघ्र ही मंडल और बूथ स्तर तक अपने-अपने वर्गों में पार्टी द्वारा तय कार्यक्रमों को सफलता से आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं से बदलते उत्तराखंड को लोग महसूस कर रहे हैं, हमें सरकार की इन्हीं जन-कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी को समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना है।
बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। जिस पर श्री भट्ट ने कहा कि इस अभियान में हम सब की भूमिका बेहद अहम हो जाती है, क्योंकि लोकतंत्र की सफलता के लिए मतदाता सूची का त्रुटिहीन होना अनिवार्य है।
उन्होंने पदाधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करने को कहा ताकि कोई भी पात्र वोटर का नाम सूची से न छूटे, अपात्रों, विशेषकर घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से काटे जाएं। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि हम चाहते हैं कि देवभूमि उत्तराखंड की सरकार बनाने का निर्णय सिर्फ और सिर्फ देवभूमि की मूल जनता ही करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित